जींद जिले के उचाना में कान्हा सेवा सदन के साथ लगती कालोनी में एक महिला ने बीती रात रिश्ते में जेठ लगने वाले व्यक्ति की चाकू से गोदकर और सिर में ईंट मार कर हत्या कर दी।
.
हत्या के बाद आरोपी महिला कुसुम मौके से फरार हो गई। पुलिस ने मृतक धर्मबीर की बहन सोनिया की शिकायत पर आरोपी कुसुम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात में दिया घटना को अंजाम
उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में मृतक की बहन सोनिया ने बताया कि हर रोज की तरह परिवार के सदस्य मकान में सो रहे थे। रात को अचानक तेज आवाज आने पर उनकी नींद खुल गई। नीचे आकर देखा तो उसकी भाभी उसके भाई धर्मबीर उर्फ लंगड़ा पर चाकू से वार कर रही थी। धर्मबीर चाकू लगने से नीचे गिर गया तो उसकी भाभी कुसुम ने उसके सिर पर ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई। बताया जा रहा है कि धर्मबीर कुसुम का जेठ लगता था। मृतक की बहन सोनिया ने बताया कि पड़ोस के लोगों के साथ पुलिस चौकी में जाकर घटना की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि धर्मबीर मजदूरी करता था, और वह अविवाहित था।
पुलिस ने दी जानकारी
चौकी इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि उचाना मंडी के कान्हा सेवा सदन के पास रहने वाली सोनिया ने सूचना दी कि उसके भाई की हत्या हुई है। मौके पर जाकर देखा तो धर्मबीर उर्फ लगड़ा की मौत हो चुकी है। सोनिया की शिकायत पर मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जल्द से जल्द आरोपी कुसुम को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार इनका आपसी झगड़ा रहता था। आपसी झगड़े की वजह से ही महिला ने अपने जेठ की हत्या की है।